चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर दूसरे दिन भी वायुसेना विमान की सफल लैंडिंग

Spread the love

उत्तरकाशी। चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर दूसरे दिन भी वायुसेना के सी-295 परिवहन विमान ने सफलतापूर्वक लैंडिंग और टेकऑफ किया। इस दौरान विमान के संचालन एवं हवाई पट्टी की क्षमता का परीक्षण किया गया। सी-295 एयरबस एक आधुनिक और बहुउद्देशीय सैन्य परिवहन विमान है जिसका उपयोग सैन्य एवं सामरिक अभियानों में व्यापक रूप से किया जाता है। यह विमान सैनिकों और सैन्य सामग्री के परिवहन के अलावा टोही, सिग्नल इंटेलिजेंस, सशस्त्र सहायता, आपदा राहत एवं वीआईपी परिवहन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में सक्षम है।
विशेषज्ञों के अनुसार, चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर सी-295 विमान का सफल संचालन क्षेत्र की सामरिक दृष्टि से बढ़ती महत्ता को दर्शाता है। साथ ही यह भविष्य में आपदा प्रबंधन, रक्षा तैयारियों और हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने में भी सहायक सिद्ध हो सकता है। वायुसेना की ओर से लगातार दूसरे दिन किए गए सफल परीक्षण से स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। इससे पहले बीते शुक्रवार को वायुसेना के हरक्यूलिस (सी-130जे) परिवहन विमान ने भी चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर सफलतापूर्वक टेकऑफ और लैंडिंग का अभ्यास किया था। लगातार दो दिनों तक वायुसेना के बड़े परिवहन विमानों के सफल संचालन से हवाई अड्डे की सामरिक और परिचालन क्षमता को बल मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *