सिंचाई टैंकों की मरम्मत के लिए जिला योजना से मिली धनराशि

Spread the love

उत्तरकाशी। कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग 15.94 लाख रुपये की लागत से भिलंगना और जाखणीधार ब्लॉक में तीन सिंचाई टैंकों की मरम्मत और एक नया टैंक बनाएगा जिससे काश्तकारों को जल्द ही सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। जिला योजना से धनराशि की स्वीकृति मिलने पर विभाग ने जीर्णोद्धार कार्य जल्द करने की तैयारी शुरू कर दी है। जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत खांड, क्वांली और भिलंगना ब्लॉक के ग्राम क्वीडांग और हडियाणा मल्ला के काश्तकार वर्षों से क्षतिग्रस्त सिंचाई टैंक की मरम्मत कराने की मांग करते आ रहे थे लेकिन बजट के अभाव में विभाग टैंकों की मरम्मत नहीं कर पा रहा था। हडियाणा मल्ला में दो साल पहले सड़क निर्माण के दौरान टैंक क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
काश्तकारों की ओर से लगातार मांग करने पर जिला योजना में टैंक जीर्णोद्धार के लिए 11.36 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है जबकि हडियाणा तल्ला के लिए पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना से 4.68 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। धनराशि मिलने के बाद विभाग ने भी टैंकों का मरम्मत कार्य और हडियाणा में नया टैंक बनाने कार्यवाही शुरू कर दी है। विभाग ने छह माह से पहले निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। टैंकों की मरम्मत होने के बाद करीब 600 नाली कृषि भूमि की सिंचाई हो सकेगी। जाखणीधार और भिलंगना में दो-दो सिंचाई टैंक का जीर्णोद्धार करने के लिए जिला योजना और पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना से धनराशि की स्वीकृत मिल गई है। निविदा प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।- पवन कुमार काला, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी टिहरी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *