स्वास्थ्य भवन में लगी भीषण आग

Spread the love

उत्तरकाशी। मोरी प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आराकोट के पुराने भवन में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से वर्षों से भवन में रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मोरी, त्यूणी तथा पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से अग्निशमन वाहनों को मौके पर बुलाया।
तीनों स्थानों से पहुंची अग्निशमन टीमों तथा पुलिस प्रशासन ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भवन पूरी तरह जल चुका था। आग की चपेट में आने से भवन में अकेले रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पार्वती जैन वर्षों पूर्व स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद से इसी पुराने भवन में रह रही थीं। सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि पार्वती जैन मूल रूप से देहरादून के आराघर क्षेत्र की रहने वाली थीं। उनके पास समय-समय पर उनकी एक मुंहबोली बेटी मिलने आती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *