कोटद्वार-पौड़ी

शिक्षकों ने प्रधानाचार्य सीधी भर्ती नियमावली का विरोध किया

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : राजकीय माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाचार्य सीधी भर्ती प्रक्रिया पर एलटी शिक्षकों ने विरोध दर्ज करते हुए रोष व्यक्त किया। राजकीय एलटी ग्रेड सीधी भर्ती संघर्ष समिति की गूगल बैठक में शिक्षकों ने प्रधानाचार्य सीधी भर्ती नियमावली का विरोध किया। बैठक में इस बात पर भी अफसोस जाहिर किया गया की नियमावली में एलटी से पदोन्नत प्रवक्ताओं को तो शमिल किया गया है, जबकि यह केवल विषय लाभ है और एलटी में एक ही पद पर 25 से 30 वर्षों तक सेवा करने वालों को इसमें वंचित किया गया है। जो कि समानता के अधिकार का भी हनन है। कहा कि ऐसी नियमावली को निरस्त किया जाना चाहिए।
शुक्रवार को आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि इसमें एक बहुत बड़े संवर्ग को नजर अंदाज करते हुए यह नियमावली बनाई गई है। इसमें केवल 10 फीसदी शिक्षक ही शामिल हो सकेंगे। जबकि पूर्व में शत प्रतिशत पदोन्नति पर एलटी के शिक्षकों को 55 फीसदी व प्रवक्ता संवर्ग को 45 फीसदी का कोटा देकर प्रधानाध्यापक से प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नत किया जाता था। लेकिन अब 50 फीसदी सीधी भर्ती से प्रधानाचार्य पदों को भरा जा रहा है। जिसमें केवल प्रवक्ताओं को मौका दिया जा रहा है। कहा कि इन पदों पर सीधी भर्ती से प्रधानाचार्य नियुक्त होने पर लंबे समय से विभाग में कार्यरत शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाएगा। पहले ही शिक्षकों के लिए पदोन्नति के बहुत कम अवसर होते हैं। इस प्रक्रिया से एलटी के शिक्षकों का तो पदोन्नत होने का सपना ही समाप्त हो गया है। अब कलस्टर व्यवस्था लागू होने पर इंटर कॉलेजों की संख्या और कम हो जाएगी और इससे प्रधानाध्यापक से प्रधानाचार्य पर पदोन्नति होने के अवसर बहुत सीमित हो जाएंगे। कहा कि ऐसी नियमावली को निरस्त किया जाना चाहिए। बैठक में पूर्व प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह मांजिला, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह सरियाल, महामंत्री हेमंत पैन्यूली, कुमाऊं मंडल के महामंत्री रविशंकर गोसाई, जनपद चमोली के जिला मंत्री प्रकाश सिंह चौहान, अल्मोड़ा की जिलामंत्री भुवन चिलवाल, उपाध्यक्षा मीनाक्षी जोशी, चंपावत के जिला मंत्री इंदुवर जोशी, पिथौरागढ़ के जिला मंत्री प्रवीण रावल, गिरीश पांडे, प्रेम प्रकाश पुरोहित, धर्म सिंह चौहान, पूर्व जिला मंत्री देहरादून नागेंद्र पुरोहित, जसपाल गुसाईं, मनोरमा बिष्ट, गुंजन पंत, कंचन जोशी, पूर्व मंडलीय अध्यक्ष गढ़वाल मंडल रविन्द्र राणा, अतीक अहमद, नागेंद्र दत्त व्यास, विनोद प्रकाश नौटियाल, मनोज नेगी आदि शामिल थे। संचालन जिला संरक्षक पौड़ी जयदीप रावत एवं दशौली ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!