जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी मतदाता पुनरीक्षण, मतगणना, राशन कार्ड सत्यापन एवं अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने से स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। इस संबंध में झंडीचौड़ क्षेत्र के अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की मांग की।
राजकीय इंटर कॉलेज झंडीचौड़ के अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष आनंद घिल्डियाल ने बताया कि विद्यालय में पूर्वी, पश्चिमी एवं उत्तरी झंडीचौड़ क्षेत्र के लगभग 450 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। पहले से ही विद्यालय में अर्थशास्त्र, हिंदी और इतिहास विषय के प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। ऐसे में कई शिक्षकों की ड्यूटी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), जनगणना एवं राशन कार्ड सत्यापन जैसे कार्यों में लगाए जाने से नियमित शिक्षण कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही विद्यालय के कई शिक्षकों को एक साथ गैर-शैक्षणिक कार्यों में तैनात किए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। अभिभावकों ने मांग की कि ऐसे कार्यों के लिए केवल शिक्षकों पर निर्भर रहने के बजाय विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जाए, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था सुचारु बनी रहे। ज्ञापन सौंपने के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार, पार्षद सुखपाल शाह, सीता देवी एवं कृष्ण चंद्र खंतवाल सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।