रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे दोनों भाई
जयन्त प्रतिनिधि। कोटद्वार: कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के घमंडपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दो चचेरे भाइयों को कुचलते हुए एक वेडिंग प्वाइंट की दीवार तोड़कर भीतर जा घुसी। हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेस चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून रेफर किया गया। मामले में स्वजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार सुबह दुर्गापुरी निवासी वंश (10) पुत्र संदीप कुमार अपने चचेरे भाई लक्ष्य (12) पुत्र प्रदीप कुमार के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। दोनों घमंडपुर क्षेत्र में जिगर गार्डन वेडिंग प्वाइंट के समीप से गुजर रहे थे। इसी दौरान निंबूचौड़ की ओर से दुर्गापुरी की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। कार दोनों बच्चों को कुचलते हुए वेडिंग प्वाइंट की दीवार तोड़कर परिसर के भीतर जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में 108 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार के नीचे दबे दोनों बच्चों को बाहर निकालकर राजकीय बेस चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने वंश को मृत घोषित कर दिया। वहीं लक्ष्य की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून रेफर कर दिया गया। वंश अपने माता पिता का इकलौती संतान था। बेटे की मौत के बाद स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि बच्चों के दादा मनोहर चौहान की तहरीर के आधार पर बेलाडाट (पदमपुर) निवासी अभिषेक रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल कार को भी सीज कर दिया गया है।