जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ताड़केश्वर धाम सांस्कृतिक एवं विकास समिति की ओर से फर्जी रसीद के माध्यम से चंदा वसूली के आरोप को बालासौड़ निवासी कैलाश थलेड़ी ने निराधार बताया है। कहा कि समिति की ओर से इस संबंध में दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है।

कैलाश थलेड़ी ने बताया कि उत्तरांचल सांस्कृतिक कल्याण समिति के माध्यम से उप समिति ‘जय ताड़केश्वर महादेव मंदिर’ का संचालन किया जा रहा है। पत्र के अनुसार संबंधित संस्था के स्मृति पत्र एवं उपनियमों में धार्मिक एवं मंदिर निर्माण संबंधी गतिविधियों का उल्लेख है। साथ ही संस्था के उद्देश्य उपनिबंधक फर्म सोसायटीज, चिट्स पौड़ी गढ़वाल के स्तर से प्रमाणित है। कहा कि जय श्री ताड़केश्वर महादेव मंदिर, ज्वाल्पा देवी मां भुवनेश्वरी देवी देवताओं के नाम पर जनता के सहयोग से दान और चंदे के रूप में भव्य मंदिर निर्माण दर्शाया गया है। बताया कि मंदिर का निर्माण उनके नाना स्वतंत्रता सैनानी स्व. सदानंद भारद्वाज के गांव जयहरीखाल विकासखंड के विदुर गांव में होना होना है। जिसके लिए ग्रामीणों ने स्वयं भूमि पूजन किया था और इसके लिए ही प्रबंध समिति द्वारा जय ताड़केश्वर महादेव मंदिर की उप सिमिति का गठन किया गया। बताया कि उन्हें जयहरीखाल विकासखंड के अंतर्गत ताड़केश्वर धाम सांस्कृतिक एवं विकास समिति से कोई लेना देना नहीं है। चंदे के लिए उत्तरांचल सांस्कृतिक कल्याण समिति की ओर से उप समिति जय ताड़केश्वर महादेव मंदिर की रसीद बुक के क्यूआर कोड़ का प्रयोग किया जा रहा है।