मुख्यमंत्री ने किया वीरांगनाओं को सम्मानित
-अशोक चक्र विजेता शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट को दी श्रद्धांजलि
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के नया गांव स्थित गणेशपुर पहुंचकर 26/11 के हमले में शहीद अशोक चक्र विजेता स्वर्गीय गजेंद्र सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कारगिल शहीद व सीमा पर शहादत देने वाले वीर जवानों के परिजनों व वीरांगनाओं को सम्मानित किया।
रविवार को शहीद अशोक चक्र विजेता स्वर्गीय गजेंद्र सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बाहुल्य प्रदेश है, यहां की वीरता और शौर्य की चर्चा देश ही नहीं दुनिया में होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों का मनोबल बढ़ रहा है। जहां एक ओर केंद्र सरकार ने वन रैंक वन पेंशन देकर लाखों पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत पहुंचाई है, वहीं दूसरी ओर सैनिकों को दी जाने वाली सुविधाओं में भी इजाफा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शहीद सैनिकों के सम्मान में “शहीद सम्मान यात्रा” आयोजित की जा रही है। इस यात्रा का समापन देहरादून के पुरुकुल गांव में बनने जा रहे भव्य सैन्य धाम में किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नया गांव- गणेशपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र उच्चीकरण करने एवं गणेशपुर में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की। कार्यक्रम में सहसपुर विधायक श्री सहदेव पुंडीर, पूर्व सैनिक और बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौजूद रहे।