कोटद्वार-पौड़ी

निगम ने नहीं दिया साथ, दोबारा अतिक्रमण से घिरा गोखले मार्ग

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

यातायात व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने मार्ग करवाया था खाली
पुलिस के लाख प्रयासों के बाद भी दोबारा अतिक्रमणकारियों का अड्डा बन गया मार्ग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: भले ही पुलिस ने गोखले मार्ग को खाली करवाने के लिए तमाम प्रयास किए गए। लेकिन, नगर निगम के असहयोग पूर्ण रवैये ने उसके अभियान को धरातल पर नहीं उतरने दिया। नतीजा, एक बार फिर गोखले मार्ग अतिक्रमणकारियों का अड्डा बन चुका है। जगह-जगह सड़क पर खड़ी रेहड़ी-ठेली व फड़ के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुछ माह पूर्व पुलिस ने गोखले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाया था। योजना के अनुसार, पहाड़ से आने वाले वाहनों को गोखले मार्ग से होते हुए नजीबाबाद चौक की ओर से रवाना किया जा रहा था। ऐसे में नजीबाबाद से झंडा चौक के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम से आमजन को काफी निजात मिली। व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस की विशेष टीम भी गठित की गई। बाकायदा टीम प्रतिदिन गोखले मार्ग पर पहुंचकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करती थी। मार्ग पर लगने वाले रेहड़ी-ठेली वालों को अन्यत्र शिफ्ट किया जाए, इसके लिए पुलिस नगर निगम से भी अभियान में सहयोग की अपील कर रही थी। लेकिन, नगर निगम ने इस अभियान में पुलिस का साथ नहीं दिया। नतीजा, एक बार फिर गोखले मार्ग पर रेहड़ी-ठेली व फड़ वालों ने अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। ऐसे में अब पुलिस ने भी अभियान से अपने हाथ पीछे कर दिए।

दुकानदार दे रहे संरक्षण
गोखले मार्ग पर रेहड़ी-ठेली व फड लगाने वालों को दुकानदारों का संरक्षण मिल रहा है। दरअसल, जैसे ही पुलिस टीम अभियान चलाने के लिए मार्ग पर पहुंचती है, रेहड़ी-ठेली व फड़ वाले अपना सामान देकर व्यापारियों की दुकान में छिप जाते हैं। इसके बाद टीम के वापस जाते ही वह दोबारा मार्ग पर अतिक्रमण कर देते हैं। ऐसे में पुलिस ने व्यापारियों को रेहड़ी-ठेली व फड वालों को संरक्षण नहीं देने की भी अपील की थी। लेकिन, धरातल पर स्थिति नहीं सुधर सकी।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गोखले मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों के लिए दोबारा अभियान चलाया जाएगा। ..शिव कुमार, यातायात निरीक्षक, कोटद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!