कारगिल विजय दिवस पर राजनाथ का पाकिस्तान को कड़ा संदेश, बोले- पीओके पर ही होगी हर बातचीत

Spread the love

श्रीनगर(जम्मू), कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच यदि भविष्य में कोई वार्ता होती है तो उसका विषय केवल पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (क्कश्य) का मुद्दा होगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि हाल के ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि भारत किसी भी उकसावे या दुस्साहस का पाकिस्तान की अपेक्षा से कहीं अधिक प्रभावी जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि अब भारत आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण देने वाली सरकारों के बीच कोई अंतर नहीं करता, क्योंकि पाकिस्तान ने आतंकवाद को अपनी राज्य नीति का हिस्सा बना लिया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 27 वर्षों में भारत और पाकिस्तान की दिशा पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां भारत नवाचार, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं पाकिस्तान आतंकवाद, घुसपैठ और कट्टरपंथ को बढ़ावा देने में लगा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सशस्त्र बलों को देश की सुरक्षा के लिए हर खतरे का निर्णायक जवाब देने की पूरी स्वतंत्रता दी है और सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रक्षा मंत्री ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज कुमार पांडे सहित सभी वीर जवानों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस युवाओं को राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता है।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक प्रगति का संकल्प नहीं, बल्कि रणनीतिक शक्ति, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कारगिल के वीरों जैसी निष्ठा और समर्पण की आवश्यकता होगी।
रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश आज अपने लगभग 65 प्रतिशत रक्षा उपकरण स्वदेश में ही तैयार कर रहा है। उन्होंने आकाश-तीर, तेजस, प्रचंड, ध्रुव, अर्जुन, पिनाका और अस्त्र जैसी स्वदेशी रक्षा प्रणालियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत भविष्य में आधुनिक हथियार, लड़ाकू विमान, पनडुब्बियां और मिसाइलें भी स्वदेश में विकसित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
समारोह के दौरान रक्षा मंत्री ने कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वर्चुअल वॉकथ्रू पोर्टल का शुभारंभ किया तथा शौर्य विजय यात्रा मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में लद्दाख के उपराज्यपाल, सेना प्रमुख, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, कारगिल युद्ध के वीर सैनिक, वीर नारियां और शहीदों के परिजन भी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *