श्रीनगर गढ़वाल : छात्रावासों में मेडिकल किट एवं प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा समेत 10 सूत्रीय मांगों के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाल विवि प्रशासन के अधिकारियों का करीब आठ घंटे तक घेराव किया। साथ ही धरने पर भी बैठे। छात्रों ने छात्रहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग विवि प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखी। उनकी कई दौर तक वार्ता चली और करीब आठ घंटे बाद उन्हें मांगों पर लिखित आश्वासन मिला।

सोमवार को छात्रम छात्र संगठन के नेतृत्व में बीएड, एमएड, बीपीएड, एमपीएड, छात्रावासों समेत कई पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने कुलसचिव, मुख्य नियंता, मुख्य छात्रावास अधीक्षक और क्रीड़ा निदेशक का घेराव किया। इसके बाद छात्रों की अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता हुई। शुरुआत में छात्रों को मांगों पर कार्रवाई का मौखिक आश्वासन दिया गया, लेकिन छात्र लिखित आश्वासन पर अड़े रहे। छात्र करीब आठ घंटे तक प्रशासनिक भवन में धरने पर बैठे रहे। बाद में कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने छात्रों को उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन दिया। छात्रों ने कहा कि विवि प्रशासन ने शीघ्र उक्त मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की तो उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान छात्र नेता पुलकित अग्रवाल पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष रूपेश नेगी, अनमोल भंडारी, सुजीत गैरोला, ध्रुव बुटोला, मोनिका, सुहानी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)