जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संदीप भट्ट फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल करते हुए कोटद्वार क्षेत्र की 51 जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन और राशन किट वितरित की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया गया।
फाउंडेशन के संस्थापक संदीप भट्ट ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन लगातार समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय है और इससे पहले भी कई महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वे मूल रूप से पिथौरागढ़ के निवासी हैं और पूरे उत्तराखंड में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों और सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सहयोग पहुंच सके। कार्यक्रम में प्रीति गुसाई, विमला रावत, डॉ. अनुराधा नैथानी, इंदु नौटियाल, डॉ. माधुरी डबराल, शोभा रावत, जेपी ध्यानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।