गुलदार के चंगुल से बकरी को छुड़ाया

Spread the love

विकासनगर। पछुवादून क्षेत्र के बदामावाला में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे चाय बागान के समीप एक गुलदार ने दिनदहाड़े बकरी पर हमला कर दिया। मालिक ने साहस दिखाते हुए किसी तरह से गुलदार से बकरी को छुड़ाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। बदामावाला निवासी कालीचरण की बकरी सुबह घर के पास चर रही थी। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले गुलदार ने बकरी पर हमला बोल दिया और उसे घसीटकर ले जाने लगा। बकरी मालिक कालीचरण ने साहस दिखाते हुए किसी तरह गुलदार के चंगुल से बकरी को छुड़ाया, लेकिन तब तक बकरी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गुलदार चाय बागान और आसपास के इलाकों में लगातार देखा जा रहा है। कई बार वह आबादी के करीब भी पहुंच चुका है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने इसकी शिकायत वन विभाग से भी की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में लोग सतर्क हो गए हैं और बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। लोगों ने वन विभाग की टीम से जल्द मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *