महिला की सांस नली में फंसे जोंक को ऑपरेशन कर बाहर निकाला
श्रीनगर गढ़वाल : मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल में ईएनटी विभाग के डॉक्टरों को एक महिला की सांस की नली से जीवित जोंक को दूरबीन विधि से ऑपरेशन कर बाहर निकालने में सफलता मिली है। जिस पर महिला ने राहत की सांस ली है। करीब पांच सेमी. लंबी जोंक के कारण महिला के मुंह से एक माह से खून आ रहा था।
कीर्तिनगर ब्लॉक के डांगचौरा क्षेत्र की महिला विगत एक माह से मुंह में खून आने की समस्या से परेशान थी। वह इस समस्या को लेकर बेस चिकित्सालय के ईएनटी ओपीडी पहुंची। महिला की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ऑपरेशन के लिए भर्ती किया। दूरबीन विधि से ऑपरेशन किया तो महिला के गले में सांस की नली में पहुंचे जोंक को बाहर निकाला गया। ईएनटी विभाग के एचओडी व बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविन्द्र बिष्ट ने बताया कि महिला के मुंह में लगातार खून आने की शिकायत थी। उसकी आवाज भी बदली हुई थी जिसकी एंडोस्कोपी की गई। उसके गले में गूगल कॉट के नीचे से एक जोंक आ रही थी। जो अजीब सी बात थी। एडमिट करने के बाद दूरबीन विधि से ऑपरेशन कर जीवित जोंक को बाहर निकाला गया। महिला अब स्वस्थ है। उन्होंने बताया कि पहले नाक में जोंक जाने की शिकायत होती थी, लेकिन यह पहला केस था जो महिला के गले में सांस की नली में जोंक फंसा मिला। ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. सोनल काला, डॉ. स्वाती, डॉ. सोनाली व एनेस्थिसिया विभाग के एचओडी डॉ. अजेय विक्रम शामिल रहे। (एजेंसी)