निर्वाचक नामावली में प्रत्येक मतदाता का नाम सही दर्ज हो

Spread the love

गोपेश्वर। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने प्रत्येक मतदाता का विवरण निर्वाचक नामावली में सही व त्रुटिरहित दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र मतदाताओं की शत प्रतिशत मैपिंग निर्धारित समय के भीतर पूरा करने को कहा। एसआईआर के तहत बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रावि सगर में दावे व आपत्तियों का निस्तारण कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मंगलवार को मौके पर जाकर निस्तारण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। डीएम ने बताया कि एसआईआर के द्वितीय चरण के तहत जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं या जिनके विवरण में किसी तरह की त्रुटि या विसंगति है उनके निस्तारण के लिए जिले में कैंप मोड पर सुनवाई की जा रही है। डीएम ने कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण व संवेदनशील है सभी अधिकारी गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। इस दौरान एसडीएम राजकुमार पांडे, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *