श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा की रफ्तार धीमी पड़ते ही कलियासौड़ स्थित प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। यात्रा के चरम समय में जहां मंदिर परिसर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं से भरा रहता था, वहीं अब पहले जैसी भीड़ दिखाई नहीं दे रही है। मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पांडे ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान मां धारी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। यात्रा के पीक सीजन में प्रतिदिन करीब 20 हजार श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे थे। वर्तमान में यह संख्या घटकर प्रतिदिन तीन हजार से साढ़े तीन हजार के बीच रह गई है। पुजारी पांडे के अनुसार पिछले एक सप्ताह से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार कमी आ रही है। पहले राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मंदिर प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य मंदिर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहती थीं और शाम की आरती तक भारी भीड़ बनी रहती थी। अब मंदिर परिसर में पहले जैसी चहल-पहल नहीं दिखाई दे रही है। यात्रा सीजन में व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर समिति को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े थे। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए अलग से कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इस दौरान पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिला, जिससे श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन कराए जा सके। (एजेंसी)