जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : लगातार बढ़ती गर्मी के चलते इन दिनों जिला अस्पताल में विभिन्न मौसमी बीमारियों से मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी बढ़ने और दूषित पानी पीने के चलते लोग बीमार पड़ रहे हैं। चिकित्सकों ने स्वच्छ व उबला पानी पीने, साफ सफाई रखने, फलाहार करने और बाजार के तले व फास्ट फूड से बचने की सलाह दी है।
सोमवार को अस्पताल खुलते ही बड़ी संख्या में मरीज ओपीडी में पर्चा बनाने के लिए लाइन में लगे रहे। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक ओपीडी 350 से अधिक रही। वहीं, मौसम का प्रतिकूल प्रभाव बच्चों पर भी पड़ रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. निशा उपाध्याय ने बताया कि उनकी ओपीडी में करीब 70 मरीज रहे जिनमें अधिकांश बच्चे बुखार, जुकाम, उल्टी व दस्त से पीड़ित थे। वहीं, महीने में दो से तीन बच्चों में टायफाइड व पीलिया के साथ ही 10 से 12 बच्चों में चिकनपॉक्स की शिकायत रही। जो कि दूषित पानी पीने और स्वच्छता के अभाव के कारण होती हैं। तीमारदार सुजाता, किरन आदि ने बताया कि बच्चों को आजकल पेटदर्द और बुखार की शिकायत है। जबकि फिजिशियन की ओपीडी में मरीजों की संख्या करीब 130 रही। फिजिशियन डॉ. आनंद खंकरियाल ने बताया कि इन दिनों हर आयु वर्ग के लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। अधिकांश मामले बुखार, डायरिया, पेट दर्द, टायफाइड आदि से जुड़े हुए हैं। बताया कि इन बीमारियों की चपेट में आने से अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। वहीं अनूप सिंह व राम अवतार सिंह ने बताया कि बीते दो तीन दिनों से लोग बुखार और सिरदर्द से पीड़ित होने के चलते अस्पताल पहुंच रहे हैं।