थानाध्यक्ष पर पूर्व सैनिक को थप्पड़ जड़ने का आरोप, पूर्व सैनिकों ने सेलाकुई थाने को घेरा

Spread the love

विकासनगर। पूर्व सैनिकों ने रविवार को सेलाकुई थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। पूर्व सैनिकों का आरोप है कि थानाध्यक्ष ने पूर्व सैनिक पर्वतीय जन कल्याण समिति के अध्यक्ष को थाने में थप्पड़ मारा और बदसलूकी की। उन्होंने थानाध्यक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। रविवार को बड़ी संख्या में थाने पहुंचे पूर्व सैनिकों ने नारेबाजी कर जमकर हंगामा किया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष निरंजन सिंह ने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने उनके साथ अभद्रता करते हुए उन्हें थप्पड़ मारा। बताया कि शनिवार रात दस बजे उन्हें जानकारी मिली के एक हॉस्टल के सामने कुछ युवक और युवतियां हंगामा कर रहे हैं। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी हंगामा कर रहे युवक-युवतियों को थाने में ले गए और उन्हें भी थाने बुलाया गया। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष ने बताया कि जब वह अपने कुछ साथियों के साथ थाने पहुंचे तो थानाध्यक्ष ने उनके साथ अभद्रता की। अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही उन्हें थप्पड़ जड़ा। थानाध्यक्ष इतने पर भी नहीं रुके और अपने मातहत कर्मियों को उन्हें हवालात में डालने का आदेश दे दिया। समिति अध्यक्ष ने कहा कि साथ गए साथियों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें थानाध्यक्ष के चंगुल से छुड़ाया। उन्होंने कहा कि शनिवार रात को थाने में हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। रविवार को थाने में पूर्व सैनिकों के डटे रहने से तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद मौके पर एसडीएम विकासनगर और एसपी देहात पहुंचे। इससे पूर्व सीओ थाने में पहुंच चुके थे। एसपी देहात लोकजीत सिंह ने पूर्व सैनिकों को मामले की सीओ से जांच कराने का आश्वासन दिया, लेकिन पूर्व सैनिक नहीं माने। काफी देर वार्ता के बाद एसपी ने दूसरे सर्किल के जांच अधिकारी को नामित करने आश्वासन दिया। इसके बाद पूर्व सैनिकों ने थाने से अपने घेरे को हटाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *