बारिश ने खोली निगम की पोल, पानी-पानी हुआ शहर
बारिश के दौरान नालियां चौक होने से जलमग्न हुई सड़क
जलभरव के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एक ओर जहां नगर निगम जल भराव से निपटने के दावे कर रहा है वहीं, शुक्रवार सुबह हुई बारिश ने निगम के सभी दावों की पोल खोलकर रख दी। करीब डेढ़ घंटे तक चली बारिश के दौरान पूरा शहर पानी-पानी हो गया। जगह-जगह नालियां चौक होने के कारण सड़कों पर जल भराव की स्थिति देखने को मिली। जबकि, कुछ दिनों पर मानसून की वर्षा जारी रहेगी।
वर्षाकाल से पूर्व शहर में नालियों की सफाई की जाती है। जिससे वर्षा के दौरान जल भराव की स्थिति पैदा न हो। लेकिन, कोटद्वार निगम नालियों की सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति ही कर रहा है। हालत यह है कि वर्षाकाल से मात्र एक सप्ताह पूर्व ही शहर में नालियों की सफाई का कार्य प्रारंभ किया गया। नतीजा, शुक्रवार को हुई बारिश के दौरान कई स्थानों पर जल भराव की स्थिति देखने को मिली। देवी रोड, मानपुर, आमपड़ाव सहित अन्य स्थानों पर सबसे बुरी स्थिति बनी हुई थी। देवी रोड में जल भराव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रति वर्ष नाली सफाई के नाम पर नगर निगम केवल खानापूर्ति करता है। कई स्थानों पर नालियों से मलबा निकालने के बाद उसे मौके पर ही छोड़ा गया है। जिससे वह दोबारा नाली में ही गिर रहा है।
शहरवासी भी दिखा रहे लापरवाही
वर्षाकाल में जल भराव से सबसे अधिक परेशानी होती है। कई स्थानों पर नगर निगम नालियों की सफाई कर देता है। लेकिन, आसपास के लोग अपने घरों से निकलने वाला कूड़ा नाली के अंदर डाल देते हैं। जिससे वर्षाकाल में पानी की निकासी नहीं हो पाती और जलभराव होने लगता है। नगर निगम आमजन को कई बार नाली में कूड़ा न डालने की भी चेतावनी दे चुका है।