जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नेहरू युवा केंद्र, पौड़ी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन प्राथमिक विद्यालय केसुन्दर में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अत्रिका गैरोला ने कहा कि जिस घर में महिलाओं का सम्मान किया जाता है, उस घर में हमेशा खुशहाली होती है। आज हम महिलाओं की शक्ति, साहस एवं समर्पण का दिवस मना रहे हैं, महिलायें हमारे समाज की रीढ़ है। महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार की देख-रेख करने के साथ-साथ महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी रहना चाहिए। वर्तमान दौर में विभिन्न स्वास्थ्य सम्बंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं। बीमारियों की पहचान उनसे बचाव तथा उपचार के प्रति भी उपस्थित महिला जनसमूह को जागरूक किया।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निधि भंडारी ने कहा कि समाज के विकास में मातृ शक्ति की भूमिका अहम है। वर्तमान में महिलायें किसी भी क्षेत्र में पुरूषों से पीछे नहीं हैं। सेना, प्रशासनिक तथा वैज्ञानिक क्षेत्र में महिलायें अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं। साथ ही अपने संबोधन में महिलायें माँ के रूप में भी बच्चों की पहली अध्यापिका होती हैं, इसलिए हर माँ का पहला दायित्व होता है बच्चों को अच्छे संस्कार देना। आशा कार्यकर्ती सुनीता देवी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने अधिकार के लिए आगे आना चाहिए। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलायी जा रही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवी कविता पंवार ने सामाजिक क्षेत्र में अपने अनुभवों का साझा करते हुए कहा कि समाज में आगे बढ़ने के लिए महिलाओं को जागरूक भी होना होगा। इस अवसर पर विभिन्न समूहों की महिलाओं द्वारा लोक संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य, लोकगीत, मांगलिक गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय केसुंदर के सहायक अध्यापक कमल कुमार, प्रियंका असवाल, यशराज बिष्ट, युवा मण्डल केसुन्दर की रितु रावत, योगिता पंवार, सुहानी बर्थवाल, राहुल पंवार, सौरभ बर्थवाल आदि उपस्थित रहे।