गढ़वाल विवि के स्थापना आंदोलन के सूत्रधार स्वामी मंमथन की प्रतिमा का हुआ अनावरण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में बुधवार को विश्वविद्यालय स्थापना आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वामी मंमथन की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने किया।
स्वामी मंमथन प्रेक्षागृह परिसर में स्थापित इस प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार प्रो. अवतार सिंह पंवार ने किया है, जबकि इसे चन्द्रकुंवर बत्र्वाल शोध संस्थान के सचिव डॉ. योगम्बर सिंह बत्र्वाल द्वारा विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराया गया। स्वामी मंमथन के जन्मदिवस पर आयोजित समारोह में कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए स्वामी मंमथन का योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है। उन्होंने घोषणा की कि इस तिथि को विश्वविद्यालय के कैलेंडर में विशेष रूप से दर्ज किया जाएगा तथा प्रतिवर्ष स्वामी मंमथन के योगदान पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कुलपति ने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से उत्तराखण्ड की विभूतियों एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित दो क्रेडिट का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। साथ ही गढ़वाली भाषा, संस्कृति संरक्षण एवं संवद्र्धन केंद्र तथा लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के विस्तार की योजनाओं की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में स्वामी मंमथन के सहयोगी एवं श्रीनगर के पूर्व पालिकाध्यक्ष कृष्णानंद मैठाणी ने कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय की स्थापना जनआंदोलन की देन है और इस आंदोलन को खड़ा करने तथा सफलता तक पहुंचाने का श्रेय स्वामी मन्मथन को जाता है। नंदा देवी राजजात समिति के सचिव भुवन नौटियाल ने कहा कि स्वामी मंमथन के नेतृत्व में चला विश्वविद्यालय आंदोलन आजादी से पहले और बाद के सबसे प्रभावशाली आंदोलनों में से एक था। श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के सचिव ज्ञान सिंह रावत ने स्वामी मंमथन के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्शों और मार्गदर्शन के कारण ही आश्रम आज देश की अग्रणी संस्थाओं में शामिल है। इस अवसर पर भारतीय वन सेवा के पूर्व अधिकारी प्रवीण थपलियाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विचार गोष्ठी का संचालन डॉ. जयप्रकाश पंवार ने किया। समारोह में कुलसचिव प्रो. वाई.पी रैवानी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओ.पी. गुसांई, मोहन सिंह पंवार डीन नियुक्त एवं पदोन्नति, प्रो. प्रो. एम.एम. रौथाण, प्रो. एन.एस. पंवार, प्रो. गुड्डी बिष्ट पंवार, प्रो. हरभजन सिंह चौहान, प्रो. एस.एस. बिष्ट, प्रो. आरके मैखुरी, प्रो. डीएस. बिष्ट, प्रो.एम.सी. सती, प्रो. अजीत नेगी, प्रो. रमा मैखुरी, प्रो. मंजू गुसांई, डॉ. अनुजा रावत, डॉ. विजयकांत पुरोहित, गणेश खुगशाल गणी, डॉ. मुनीस कुमार डॉ. डी.के. राणा, छात्रसंघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, महासचिव अनुरोध पुरोहित, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल स्वामी, प्रदीप अणथ्वाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *