श्रीनगर गढ़वाल : ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के लिए धनराशि जारी करने की मांग के लिए डीएम टिहरी को ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित गांवों की उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
विकास खंड कीर्तिनगर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत लक्षमोली, मलेथा, रानीहाट, नैथाणा और देवली के प्रधानों ने कहा कि रेल परियोजना प्रभावित गांवों में सीएसआर और एनआरएम मद के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए अब तक धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। वहीं निर्माण कार्यों के कारण क्षेत्र में बढ़ रहे प्रदूषण से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। साथ ही पशुओं के लिए चारापत्ती की व्यवस्था भी नहीं की गई है। उन्होंने जिलाधिकारी से सीएसआर और एनआरएम मद की धनराशि शीघ्र अवमुक्त करने, प्रदूषण नियंत्रण के उपाय सुनिश्चित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की। ज्ञापन पर ग्राम प्रधान सुरेश नेगी, विजय कुमार, प्रकाश, यशपाल सिंह और रश्मि देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं। (एजेंसी)