मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की संख्या बढ़कर हुई 64

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : राजकीय मेडिकल कॉलेज विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। वर्ष 2021 में शुरू हुए स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों के विस्तार के साथ अब मेडिकल कॉलेज में एमडी, एमएस और डिप्लोमा की कुल सीटें बढ़कर 64 हो गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने आगामी वर्षों में इन सीटों की संख्या 100 तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
मेडिकल कॉलेज में पीजी पाठ्यक्रम शुरू होने के बाद से अब तक विभिन्न विभागों से 100 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक तैयार हो चुके हैं। इनमें अधिकांश चिकित्सक प्रदेश के जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। पिछले एक वर्ष के दौरान एनेस्थीसियोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा टीबी एवं चेस्ट रोग विभाग में कुल 12 नई सीटों की वृद्धि हुई है। वर्तमान में कॉलेज में विभिन्न एमडी, एमएस और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के छात्र-छात्राओं को राज्य के भीतर ही उच्च चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिल रहा है। साथ ही दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ी है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि पीजी सीटों की संख्या बढ़कर 64 तक पहुंचना संस्थान के लिए गर्व का विषय है। संस्थान का लक्ष्य भविष्य में पीजी सीटों की संख्या 100 तक पहुंचाना है। इसके लिए एनएमसी के सभी मानकों को पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *