खत्म हुई हड़ताल, पटरी पर लौटने लगी व्यवस्थाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हिट-एंड-रन कानून को बेहद कड़ा करने के विरोध में पिछले तीन दिन से जारी वाहन चालकों की हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई। हड़ताल समाप्त होने से आमजन को काफी राहत मिली। सुबह से ही मैदान व पहाड़ के लिए आवागमन करने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं, पेट्रोल पंप में भी पेट्रोल व डीजल पर्याप्त मात्रा में पहुंच गया था।कानून में विरोध में पिछले तीन दिन से वाहन स्वामी व चालकों की हड़ताल चल रही थी। जिससे मैदान व पहाड़ के लिए वाहनों के पहिये जाम हो गए थे। धीरे-धीरे इसका असर आमजन पर पड़ने लगा था। बुधवार को शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप में पेट्रोल व डीजल पूरी तरह समाप्त हो गया था। शहर में खाद्य सप्लाई चेन भी प्रभावित होने लगी थी। हड़ताल खत्म होने के बाद गुरुवार को व्यवस्थाएं पटरी पर लौटने लगी हैं। दिल्ली, गुरुग्राम, देहरादून के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों को आवागमन करने वाले यात्रियों को आसानी से वाहन उपलब्ध हो गए थे। पिछले तीन दिन से आमजन हड़ताल खुलने का इंतजार कर रहा था। यही नहीं, यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए रोडवेज की ओर से मैदानी रूटों के लिए अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया गया।