विश्व ने पहाड़, प्रकृति व हिमालय के बड़े पोषक को खोया
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी व पूर्व पालिकाध्यक्ष पौड़ी कुंज बिहारी नेगी ने प्रसिद्घ पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा के निधन पर गहरा शोक जताया है। नेगी ने स्व. बहुगुणा के साथ बिताए दिनों को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1974 में बहुगुणा जी से प्रेरित होकर हमने पथ वृक्षारोपण शुरु किया था। जिसके तहत पौड़ी-श्रीनगर राजमार्ग, चमोली-गोपेश्वर मोटर मार्ग, पौड़ी-ल्वाली मोटर मार्ग सहित अनेक मोटर मार्गों पर वृक्षारोण किया गया। उन्होंने कहा कि पथ वृक्षारोपण का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ वाहन दुर्घटनाओं को नियंत्रित किया जाना भी था। पौधारोपण खासतौर पर दुर्घटना संभावित स्थलों पर किया जाना था। उन्होंने बताया कि स्व. बहुगुणा के साथ 1974-75 से 85 तक निरंतर मिलकर कार्य किया। पूर्व पालिकाध्यक्ष नेगी ने कहा कि स्व. बहुगुणा के रुप में विश्व ने पहाड़, प्रकृति व हिमालय के बड़े पोषक को खो दिया है।