बाबा के दर पर उमड़ी भीड़, लगा जाम

Spread the love

रविवार को सैकड़ों की संख्या में सिद्धबली दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु
जयंत प्रतिनिधि।
कोटद्वार। रविवार को सिद्धबली बाबा के धाम पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहकर बाबा के दर्शन कर अपने परिवार व देश के लिए सुख शांति की कामना की। भक्तों को शारीरिक दूरी सहित अन्य नियमों का पालन करवाने के लिए मंदिर में व्यवस्था बनाई गई थी। वहीं, सिद्धबली पुल के साथ ही सनेह मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में बाबा सिद्धबली का परम धाम है। यहां हर रोज सैकड़ों की संख्या श्रद्धालु पहुंचकर बाबा के दर्शन को पहुंचते हैं। बिजनौर निवासी अभय अग्रवाल ने बताया कि उनके परिवार की बाबा के प्रति बड़ी आस्था है। अपने घर में कोई भी शुभ कार्य प्रारंभ होने से पहले वह बाबा के दर्शन करने अवश्य आते हैं। देहरादून निवासी सतेंद्र सिंह ने बताया कि सतपुली के समीप उनका गांव है। गांव जाने से पहले वह बाबा के आशीर्वाद अवश्य लेते हैं। रविवार सुबह से ही बाबा के दर पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण सड़क पर जगह-जगह जाम लगा हुआ था। ऐसे में मंदिर को जानी वाली सड़क पर सबसे अधिक जाम रहा। वाहन चालकों को घंटों धूप में खड़े रहकर जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद व्यवस्थाएं बनाकर जाम खुलवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *