नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया तेजी से चल रही है। कला संकाय के साथ-साथ अब विश्वविद्यालय ने प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों (व्यवसायिक पाठ्यक्रमों) में प्रवेश शुरू कर दिए हैं।
विवि प्रशासन ने बीए प्रथम सेमेस्टर की तीसरी मेरिट सूची जारी कर दी है। प्रवेश प्रभारी डॉ. छवि आर्या ने बताया कि इस सूची में 40 फीसदी से अधिक अंक वाले छात्र-छात्राओं को स्थान मिला है। इन्हें प्रवेश के लिए 29 जुलाई तक का समय दिया गया है। बीए में अब तक 203 विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं। इसके साथ ही परिसर में प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के तहत बीएफए और बीसीए की वरीयता सूची भी जारी कर दी गई है और इनमें प्रवेश की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। वाणिज्य में 55, बीएससी गणित वर्ग में 56 और बायो वर्ग में 31 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी की है। बीएससी के प्रवेश प्रभारी डॉ. सुनील चमियाल ने बताया कि द्वितीय मेरिट के छात्र सोमवार तक प्रवेश ले सकते हैं। इसके बाद सोमवार को ही तीसरी सूची जारी होगी।