रुड़की। सोमवती अमावस्या के स्नान और वीकेंड के चलते रविवार को हरिद्वार की ओर श्रद्धालुओं और पर्यटकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। इसके कारण हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और रविवार को मंगलौर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को घंटों जाम में फंसकर परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार सुबह से ही हाईवे पर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दोपहर तक हालात इतने बिगड़ गए कि नगला इमरती से लिब्बरहेड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों की अधिकता के कारण हाईवे पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। जाम की सबसे गंभीर स्थिति मंगलौर गुड़मंडी और गंगनहर पुल के आसपास रही। गुड़मंडी के पास फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते सड़क संकरी हो गई है। सोमवती अमावस्या पर बढ़े ट्रैफिक दबाव को यह मार्ग संभाल नहीं पाया, जिससे गंगनहर पुल और गुड़मंडी क्षेत्र में भारी जाम लग गया। जून की भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे यात्रियों का बुरा हाल रहा। बसों और छोटे वाहनों में सवार बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घंटों तक परेशानी झेलते रहे। कई यात्री पानी के लिए भी परेशान नजर आए। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वन-वे और डायवर्जन व्यवस्था लागू कर यातायात सुचारु करने का प्रयास किया। हालांकि वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण एक ओर जाम खुलते ही दूसरी ओर फिर लंबी कतारें लग जाती थीं। देर शाम तक पुलिस यातायात सामान्य कराने में जुटी रही।