यूपी में आसमानी बिजली गिरने से 3 की दर्दनाक मौत, कहीं तूफानी बारिश तो कहीं लू का अलर्ट; जानें अपने राज्य का हाल

Spread the love

नई दिल्ली , भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई हिस्सों में मौसम के तेजी से बदलते मिजाज को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। इस समय उत्तर-पश्चिम भारत पर एक पश्चिमी विक्षोभ और सेंट्रल पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसके कारण मौसम ने करवट ली है। एक तरफ जहां कई राज्यों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं का दौर जारी है, तो वहीं कुछ इलाकों में अभी भी भीषण गर्मी और हीट वेव का प्रकोप बना हुआ है। इस बीच आंधी-तूफान और बारिश ने उत्तर प्रदेश में जानलेवा तबाही भी मचाई है।
यूपी में आसमानी बिजली बनी काल, तीन लोगों ने गंवाई जान
उत्तर प्रदेश में मौसम का सबसे खौफनाक और जानलेवा रूप देखने को मिला है। शनिवार को आई अचानक आंधी और तेज बारिश के बीच चंदौली जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं और एक नाबालिग किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। चकिया थाना क्षेत्र के बाजरडीहा गांव में 68 वर्षीय शकुंतला घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने से पहले ही उन पर बिजली गिर गई। वहीं, धनवाल कलां गांव में भी बिजली गिरने की एक अन्य घटना में 35 वर्षीय रूबी और 13 वर्षीय लक्ष्मी की जान चली गई। इसके अलावा, कन्नौज में तेज हवाओं के कारण एक जर्जर छत और टिन शेड के ढहने से सात लोग घायल हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है।
तूफान और भारी बारिश की चेतावनी, राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण समूचे उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में थंडरस्टॉर्म की वार्निंग जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी वर्षा का अलर्ट है। इसके साथ ही ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और अंडमान निकोबार में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और यूपी में 60 से 95 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चल रही हैं। राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि से गर्मी से फौरी राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने वहां डस्ट स्टॉर्म और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मानसून की तेज चाल और हीट वेव का डबल अटैक
जहां एक तरफ लोग गर्मी से बेहाल हैं, वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून की उत्तरी रेखा फिलहाल हरनई, सोलापुर, हैदराबाद और मुजफ्फरपुर होते हुए गुजर रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्सों के साथ-साथ ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ भागों को भी कवर कर लेगा। हालांकि, मौसम का डबल अटैक अभी जारी है; मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के इलाकों में अभी भी अगले दो दिनों तक हीट वेव (लू) चलने की चेतावनी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *