चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंचा टोंस का जलस्तर

Spread the love

विकासनगर। यमुना और टोंस के ऊपरी कैचमेंट एरिया (जल अधिग्रहण क्षेत्र) में लगातार हो रही बारिश से दोनों नदियों के जल स्तर में बढ़ोत्तरी हो रही है। शुक्रवार को टोंस चेतावनी के निशान से ऊपर बह रही थी। हालांकि इच्छाड़ी बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तटवर्ती क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया हुआ है। जबकि यमुना भी खतरे के निशान के करीब बही। शुक्रवार शाम को टोंस का जल स्तर 644.35 मीटर रहा जो, चेतावनी बिंदु 643.60 मीटर के 75 सेमी अधिक है। दोपहर तक टोंस का जल स्तर 643 मीटर था, जो दोपहर बाद धीरे-धीरे बढ़कर 644.35 मीटर पर पहुंच गया जो खतरे के निशान 644.35 मीटर से मात्र 40 सेमी कम है। टोंस का जलस्तर बढ़ने पर कालसी थाना पुलिस ने तटीय क्षेत्रों में मुनादी कराई गई। यूजेवीएनलए के जनसंपर्क अधिकारी विमल डबराल ने बताया कि टोंस का जल स्तर बढ़ना बरसात की सामान्य प्रक्रिया है। इच्छाड़ी बांध से धीरे धीरे पानी को छोड़ा जा रहा है। वहीं शुक्रवार को यमुना 454.30 मीटर पर बही, जो खतरे के निशान 455.37 मीटर से 1.07 मीटर कम है। विकासनगर के एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि डाकपत्थर बैराज से डाउन स्ट्रीम में भीमावाला, ढ़करानी, कुंजा, कुल्हाल तक तटवर्ती क्षेत्रों में लोगों का सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *