जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी से परेशान मैदानी क्षेत्रों के लोग इन दिनों पहाड़ी इलाकों का रूख कर रहे हैं। इसी कारण शनिवार को वीकेंड पर कोटद्वार से दुगड्डा तक वाहनों का भारी दबाव देखा गया और राष्ट्रीय राजमार्ग सहित बाजार क्षेत्र में दिनभर लंबा जाम लगा रहा।
स्थिति यह रही कि कोटद्वार से दुगड्डा तक की यात्रा, जो सामान्यत: लगभग आधे घंटे में पूरी होती है, शनिवार को करीब एक घंटे में पूरी हुई। सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और जगह-जगह जाम की स्थिति बनती रही। बरसात के बाद से कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग की बदहाल स्थिति भी जाम का बड़ा कारण बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त और खोखला होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं दुगड्डा बाजार में सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग और बढ़ते वाहन दबाव ने स्थिति और बिगाड़ दी। दुगड्डा पुलिस चौकी से लेकर पूरे बाजार क्षेत्र तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वीकेंड पर हालात बिगड़ते हैं, लेकिन व्यवस्था सुधारने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की जाती।