जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान बाढ़ और भू-कटाव से बचाव के लिए नदियों के किनारे सुरक्षा दीवारों का निर्माण कराया जा रहा है और अधिकारियों को समय-समय पर मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को उन्होंने वार्ड नंबर 1 ग्रास्टनगंज, वार्ड नंबर 2 कुंभीचौड़ और वार्ड नंबर 3 लालपानी में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों पर क्रमश: 18.50 लाख और 3.75 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले इन क्षेत्रों में चार नई पुलियों का निर्माण किया गया है और लगभग 50 करोड़ रूपयें की लागत से नदी किनारे सुरक्षा दीवार भी बनाई गई है, जिससे बरसात में होने वाले भू-कटाव को रोका जा सके। इसके अलावा विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था, सड़कों और नहरों की मरम्मत जैसे कार्य भी कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और वार्ड का समान रूप से विकास करना है। इस मौके पर भाजपा के कई स्थानीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।