बदहाल सड़कों पर टूट रही कमर, जिम्मेदार मौन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भले ही नगर निगम बेहतर विकास के दावे कर रहा हो। लेकिन, हकीकत यह है कि नगर निगम बदहाल सड़कों की मरम्मत तक नहीं करवा पा रहा है। नतीजा, बदहाल सड़को पर दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक गड्ढों की चपेट में आने से चोटिल हो रहे हैं। सड़क मरम्मत के लिए कई बार क्षेत्रवासी नगर निगम से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन, अब तक इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।
एक से चालीस वार्ड तक शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जहां गड्ढे न दिखाई दें। गड्ढों के बीच खो रही सड़क ने राहगीरों की चुनौती बढ़ा दी है। कई स्थानों पर गड्ढे इतने बड़े हैं कि दोपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे बुरी स्थिति शिब्बूनगर, मानपुर, बालासौड़, तड़ियाल चौक, पदमपुर क्षेत्र में बनी हुई है। शिब्बूनगर क्षेत्र में दो दिन पूर्व एक साइकिल सवार छात्र गड्ढे की चपेट में आने से चोटिल हो गया था। हल्की वर्षा होने पर ही यह गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिस कारण वाहन चालकों का गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता। क्षेत्रवासी सोहन नेगी, वीरेंद्र रावत ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में नगर निगम को पत्र दिया गया था। लेकिन, नगर निगम ने धरातल पर पहुंचकर स्थिति जानने की जहमत तक नहीं उठाई। ऐसे में वर्षाकाल के दौरान समस्या और अधिक बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *