केंपटी फॉल में पानी की निकासी में फंसे पर्यटक

Spread the love

मसूरी। केंपटी फॉल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पानी की तेज निकासी के बीच हरियाणा का एक 29 वर्षीय पर्यटक फंस गया। पर्यटक की हालत गंभीर होने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पानी से सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए पर्यटक की पहचान अजय गौतम, उम्र 29 वर्ष, निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। बताया गया कि अजय पानी की निकासी वाले हिस्से में फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
बाहर निकालने के बाद अजय की हालत बेहद गंभीर नजर आई। मौके पर मौजूद चिकित्सक ने तत्काल सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय पर उपचार मिलने से उसकी स्थिति में सुधार हुआ और उसकी जान बचाई जा सकी। इसके बाद अजय गौतम को उपचार के लिए मसूरी उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि पानी फेफड़ों में चले जाने के कारण उसके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर बेहद कम हो गया था।
अस्पताल में आवश्यक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर बरसात के दौरान बढ़ते जलस्तर और तेज पानी के बीच जाने के जोखिम को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों को विशेष रूप से बरसात के मौसम में पानी की तेज धार, निकासी वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखनी चाहिए।
पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता तथा मौके पर मौजूद डॉक्टर द्वारा समय रहते सीपीआर दिए जाने से एक पर्यटक की जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *