कोटद्वार-पौड़ी

ट्रेचिंग ग्राउण्ड के कूड़े से मिलेगी निजात

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम प्रशासन ने खोह नदी के किनारे ट्रेचिंग ग्राउण्ड में बने कूड़े के पहाड़ को निस्तारण करने की योजना बना दी है। निगम की ओर से इसके लिए बकायदा टेंडर भी दे दिया गया है। उम्मीद है कि दिसंबर माह तक टे्रचिंग ग्राउण्ड से कूड़ा हट जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को कूड़े की समस्या से निजात मिलेगी। निगम की ओर से टे्रचिंग ग्राउण्ड के लिए भूमि चिन्हित की गई है, उसकी प्रक्रिया गतिमान है। उम्मीद है निगम को जल्द ही ट्रेचिंग ग्राउण्ड के लिए भूमि मिल जाएगी।
पूर्व में नगर पालिका के 11 वार्डों के कूड़े को एकत्रित करने के लिए खोह नदी किनारे टे्रंचिंग ग्राउण्ड बनाया गया था। लेकिन कूड़ा निस्तारण की ठोस योजना नहीं होने की वजह से टे्रंचिंग ग्राउण्ड में कूड़े का ढे़र लग गया। वर्ष 2018 में प्रदेश सरकार ने कोटद्वार नगर पालिका का विस्तार कर भाबर की करीब 35 ग्राम सभाओं को शामिल कर नगर निगम बना दिया। निगम में चालीस वार्ड बनाये गये। 40 वार्ड के हिसाब से ट्रेचिंग ग्राउण्ड विकसित नहीं किया गया। निगम के चालीस वार्डों का कूड़ा भी खोह नदी किनारे टे्रचिंग ग्राउण्ड में डाला जाने लगा। लेकिन इस कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम के पास कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में ट्रेंचिग ग्राउंड में लगातार कूड़े का पहाड़ बन रहा है, जो नगर निगम प्रशासन के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ है। तत्कालीन नगर आयुक्त पीएल शाह ने अपने कार्यकाल के दौरान कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की। कूड़ा निस्तारण के लिए बायो रेमिडिएशन मशीन और ट्रोमल मशीन लगाई गई। निगम का यह प्रयोग काफी हद तक सफल भी रहा। पहले की तुलना में ट्रेंचिंग ग्राउण्ड के अंदर और बाहर काफी हद तक कूड़ा कम भी हुआ। निगम प्रशासन ने फिर से कूड़ा निस्तारण की कोशिशों को तेज कर दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही स्थानीय लोगों को कूड़े की समस्या से निजात मिल जाएगी।
बता दें कि ट्रेंचिंग ग्राउण्ड के आसपास की जनता काफी समय से कूड़ा निस्तारण की मांग कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेंचिंग ग्राउण्ड के कूड़े के ढेर से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए ट्रेंचिंग ग्राउण्ड को अन्यत्र शिफ्ट किया जाना चाहिए। नगर निगम प्रशासन द्वारा काफी समय से ट्रेंचिंग ग्राउण्ड के लिए जमीन तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक जमीन नहीं मिल पाई है।
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त संजय सिंह ने बताया कि टे्रंचिंग ग्राउण्ड के कूड़ा निस्तारण के लिए टेण्डर दिया गया है। बरसात होने की वजह से कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है। बरसात बंद होने के बाद कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। संभावना है कि दिसंबर माह तक ट्रेंचिंग ग्राउण्ड से पूरे कूड़े का निस्तारण हो जाएगा।

निगम कूड़े को लेकर लोगों को करेगा प्रेरित
कूड़ा दो तरह का होता है, गलने वाला और न गलने वाला। गलने वाले कूड़े में सब्जी या फल, कागज आदि आते हैं। न गलने वाले कूड़े में पॉलिथीन, प्लास्टिक, एलईडी बल्ब आदि शामिल होते हैं। नगर निगम वार्ड के नागरिकों को गलने वाला कूड़ा व न गलने वाला कूड़े को अलग-अलग डस्टबिन में रखने को प्रेरित करेगी। निगम कूड़ा एकत्र भी इसी तरह करेगा। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त संजय सिंह ने बताया कि निगम की ओर से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाया जा रहा है। लोगों को जैविक और अजैविक कूड़े को अलग-अलग कर निगम के वाहन में डालना चाहिए। निगम की ओर से शहर को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन बिना जनता के सहयोग से शहर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता है।

निगम क्षेत्र से प्रतिदिन उठता है 70 टन कूड़ा
नगर निगम के चालीस वार्डों से प्रतिदिन 70 टन कूड़ा वाहनों के माध्यम से खोह नदी किनारे स्थित टें्रचिंग ग्राउण्ड में एकत्रित किया जाता है। पूर्व में कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने से धीरे-धीरे ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में कूड़े का पहाड़ बन गया है, लेकिन अब नगर निगम की ओर से कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए पूरी योजना बना ली गई है और इस पर लगातार काम हो रहा है। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त संजय सिंह ने बताया कि नगर निगम का प्रयास है कि जल्दी से जल्दी इस कूड़े के ढ़ेर को खत्म किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!