प्रशासन की ओर से स्टेशन रोड में दुकानें हटाने के लिए दिए गए थे नोटिस
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रेलवे स्टेशन के बाहर खोखानुमा दुकानों को हटाए जाने के विरोध में व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरु कर दिया है। व्यापारियों ने जल्द दुकानें हटाने का निर्णय वापस नहीं लेने पर कोटद्वार बंद की चेतावनी दी है। कहा कि व्यापारी उक्त स्थान पर दशकों से दुकानें चला रहे हैं। ऐसे में अब उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीण भाटिया के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्टेशन रोड के किनारे अनिश्चितकालीन धरना शुरु किया। व्यापारियों का कहना है कि दशकों पूर्व नगर पालिका बनने के बाद उन्हें स्टेशन रोड में व्यापार करने के लिए जगह उपलब्ध करवाई गई थी। उनकी कई पीढ़ियों ने इस स्थान पर दुकान चलाई है। लेकिन, आज अचानक सरकारी सिस्टम ने उन्हें इस जगह को खाली करने का फरमान सुना दिया। बताया कि व्यापारियों का परिवार इन छोटी दुकानों के ही भरोसे चल रहा है। ऐसे में उनका यह रोजगार छीन जाने से उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। कहा कि उन्हें यहां से हटाने से पूर्व कहीं अन्यत्र शिफ्ट करने की योजना बनाई जानी चाहिए। यदि जल्द ही इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो वह आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होंगे। इसके तहत कोटद्वार में यातायात व बाजार को बंद करवाया जाएगा। कहा कि इस संबंध में वह अधिकारी व जनप्रतिनिधियों को भी अवगत करवा चुकें हैं।