दर्दनाक हादसा : 800 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 युवकों की मौत; रस्सी से खींचे जा रहे शव

Spread the love

मुंबई , महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। पोलादपुर-आंबेनळी घाट मार्ग पर एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 700 से 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। अंधेरा और घाट क्षेत्र का दुर्गम रास्ता राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना रहा। सूचना मिलते ही महाबलेश्वर ट्रैकर्स, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
गहरी खाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव कार्य बेहद सावधानी से चलाया गया। सुबह करीब 6 बजे से चार अलग-अलग टीमें युद्धस्तर पर अभियान में जुटी रहीं। अंतिम समाचार मिलने तक 2 शवों को बाहर निकाला जा चुका था, जबकि अन्य शवों को निकालने का काम जारी है।
मृतकों की पहचान सातारा जिले के कोरेगांव तहसील के आसगांव गांव निवासी महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यू शिंगटे (25) और नितीन किसन नायकोंडे (35) के रूप में हुई है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती आशंका है कि घाट मार्ग के खतरनाक मोड़, देर रात का समय या वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह हो सकता है। इस हादसे के बाद आसगांव गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *