जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखण्ड की समृद्ध परम्परा के प्रतीक “हरेला पर्व” के अवसर पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडौन में पर्यावरण संरक्षण तथा सैनिक कल्याण को समर्पित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक ओर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, वहीं दूसरी ओर सैनिकों एवं रिक्रूट्स की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए “दगड़िया कैफे” का शुभारंभ भी किया गया।
वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर ने किया। अभियान के अंतर्गत रेजिमेंटल परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, हरित आवरण का विस्तार करना तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हम सभी मिलकर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप दें, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। इस मौके पर रेजिमेंटल सेंटर की “वीर सिंह लाइन” में सैनिकों एवं रिक्रूट्स के कल्याण हेतु स्थापित “दगड़िया कैफे” का उदघाटन भी ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि यह कैफे सैनिकों एवं रिक्रूट्स को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें एक बेहतर, सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल जवानों के मनोबल, कल्याण एवं दैनिक जीवन की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगी। साथ ही सैनिकों के कल्याण हेतु बेहतर सुविधाओं का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और दगड़िया कैफे इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कमांडेंट के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में दगड़िया कैफे का संचालन सेवानिवृत्त सूबेदार ओम प्रकाश सिंह द्वारा किया जाएगा।