महापौर शैलेंद्र सिंह रावत बोले-पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्यावरण संरक्षण को लेकर सोमवार को मालन खाम क्षेत्र में पौधा रोपण अभियान चलाया गया। वन विभाग, लायंस क्लब और श्री गुरु गोरखनाथ पर्यावरणीय एवं संवर्धन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान का शुभारंभ महापौर शैलेंद्र सिंह रावत और मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला ने पीपल और अर्जुन के पौधे रोपकर किया।

इस अवसर पर महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को गंभीरता से प्रयास करने की आवश्यकता है। पेड़-पौधे केवल छाया ही नहीं देते, बल्कि समस्त जीव-जंतुओं को प्राणवायु भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि वनों का महत्व मानव जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि ये सभी प्राणियों के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वन पशु-पक्षियों को प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने के साथ ही मानव को फल, फूल, औषधियां और छाया प्रदान करते हैं। इसके अलावा वन जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही रोपे गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। सुमन कोटनाला ने कहा कि पौधा रोपण के बाद पौधों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पौधों की देखभाल उतनी ही जरूरी है, जितनी हम अपने बच्चों की करते हैं। यदि रोपे गए पौधों का संरक्षण नहीं किया गया तो पौधारोपण अभियान का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा। इस मौके पर राजेंद्र प्रसाद पंत, दौलतराम बौंठियाल, प्रकाश हेमदान, सुनील नेगी, बहादुर सिंह मेहरा, हीरा सिंह बिष्ट, सुभाष पांडे, सुरेश मधवाल, केसी राम निराला, चंद्रशेखर असवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।