वीरांगना तीलू रौतेली को किया नमन, डाक टिकट और विशेष आवरण का विमोचन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर शनिवार को तीलू रौतेली विचार मंच एवं डाक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तीलू रौतेली चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों और उपस्थित लोगों ने वीरांगना की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद किया। इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से तीलू रौतेली की वीरगाथा और उनके योगदान को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक टिकट तथा विशेष आवरण का विमोचन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर शैंलेंद्र सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और पूर्व मेयर हेमलता नेगी ने किया। मेयर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि तीलू रौतेली का जीवन उत्तराखंड की गौरवशाली वीर परंपरा और साहस का प्रतीक है। उनके संघर्ष और बलिदान से आज की पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि तीलू रौतेली ने विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं छोड़ी। कम उम्र में परिवार के सदस्यों को खोने के बावजूद उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा। उनका जीवन साहस, त्याग और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। पूर्व मेयर हेमलता नेगी ने तीलू रौतेली को उत्तराखंड की नारी शक्ति और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में बेटियां अपने भविष्य के सपने देखती हैं, उस उम्र में तीलू रौतेली ने मातृभूमि की रक्षा के लिए हथियार उठाकर अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तीलू रौतेली विचार मंच की अध्यक्ष बीना रावत ने की। इस दौरान डाकघर पौड़ी मंडल के अधीक्षक अजय रावत, सहायक डाक अधीक्षक कोटद्वार अनूप सजवाण, कोटद्वार हेड पोस्टमास्टर अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *