जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर में शुक्रवार को अमर शहीद मंदीप सिंह रावत की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मनोज कुमार कुकरेती, उपप्रधानाचार्य अनिल कोटनाला, देवभूमि पहल समिति के अध्यक्ष शिवम नेगी एवं सचिव उत्कर्ष नेगी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने शहीद के जीवन और राष्ट्रसेवा को याद किया। आचार्य रोहित बलोदी ने बताया कि मंदीप सिंह रावत 15वीं गढ़वाल राइफल्स तथा 36 राष्ट्रीय राइफल्स में सेवाएं दे चुके थे। उन्होंने कहा कि 7 अगस्त 2018 की मध्यरात्रि को गुरेज सेक्टर के किशनगंगा क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान उन्होंने दो आतंकवादियों को मार गिराया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की। प्रधानाचार्य मनोज कुमार कुकरेती ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रत्येक नागरिक एवं विद्यार्थी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद मंदीप सिंह रावत विद्या भारती परिवार के छात्र रहे थे और उनका प्रेरणादायी जीवन सदैव युवाओं के लिए आदर्श बना रहेगा। कार्यक्रम के अंत में शहीद मंदीप सिंह रावत के स्वजनों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।