देवप्रयाग में गैस सिलेंडर से भरा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त

नई टिहरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास पाली पुलिया से आगे एक गैस सिलेंडर से भरा ट्रक अलकनन्दा किनारे पलट गया। चालक ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई। इंडेन गैस का यह ट्रक बहादराबाद स्थित गैस प्लांट से चमोली जा रहा था। दुर्घटना में बाद अलकनंदा तट तक बड़ी संख्या में सिलेंडर बिखर गए। थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि, बुधवार तड़के पाली पुलिया व मुल्यागांव के बीच एक ट्रक बेकाबू होकर अलकनंदा किनारे जा गिरा। दुर्घटना की सूचना ट्रक चालक अभिषेक थापा ने थाने में आकर दी। चालक ने बताया कि, स्टेयरिंग लॉक होने से ट्रक बेकाबू होकर नदी की ओर खाई में गिर गया। वह किसी तरह बाहर कूद गया व सड़क तक पहुंचा। चालक ने बताया कि, वह बहादराबाद गैस प्लांट से मंगलवार रात ट्रक में सिलेंडर भरकर चमोली के लिए चला था। पुलिस ने चालक के चोटिल होने पर उपचार के लिए उसे सीएचसी बागी में भर्ती कराया है। साथ ही ट्रक मालिक को दुर्घटना की सूचना दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *