जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : देवभूमि उत्कर्ष सेवा समिति की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए डॉ. चंद्रमोहन बड़थ्वाल और पूर्व सैनिक रामभरोसा कंडवाल को पं. मथुरा प्रसाद विश्व पर्यावरण सम्मान से सम्मानित किया गया।
स्वर्गीय पं. मथुरा प्रसाद की पुण्य स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच प्रकृति का संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम में श्री दुर्गा शक्ति मंच की अध्यक्ष देवकी रावत ने डॉ. चंद्रमोहन बड़थ्वाल और रामभरोसा कंडवाल को सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान स्वर्गीय पं. मथुरा प्रसाद के पुत्र डॉ. रमाकांत कुकरेती द्वारा अपने पिता की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। वक्ताओं ने कहा कि दोनों सम्मानित हस्तियां लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। रामभरोसा कंडवाल ग्राम्य एकता प्रगति प्रेमांजल समिति के माध्यम से पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में योगदान दे रहे हैं, जबकि डॉ. चंद्रमोहन बड़थ्वाल देवभूमि उत्कर्ष सेवा समिति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता अभियान संचालित कर रहे हैं। इस अवसर पर मनमोहन काला, दिनेश चौधरी, जगत सिंह नेगी, रेखा ध्यानी, नीरजा गौड़, सोमप्रभा कंडवाल, पूजा कंडवाल, मीनाक्षी कंडवाल, नंदन सिंह नेगी, प्रिया रावत, वैशाली चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।