बदरीनाथ राजमार्ग पर कमेड़ा में टू लेन यातायात बहाल

Spread the love

गौचर। बदरीनाथ राजमार्ग पर कमेड़ा सिंकिंग जोन पर अब दोहरी लेन यातायात बहाल कर दिया गया है। इससे पिछले दो सालों से चली आ रही जाम की समस्या से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। यहां हो रहे सुरक्षा कार्यों में अब डामरीकरण होना शेष रह गया है। यह संवेदनशील जोन पिछले दो सालों से रखरखाव कार्य के कारण एकतरफा यातायात व्यवस्था के तहत संचालित था। इस वजह से यात्रियों को लगातार जाम का सामना करना पड़ रहा था। एनएचआईडीसीएल की ओर से सिंकिंग जोन के स्थायी समाधान के लिए ढालयुक्त रखरखाव कार्य किया गया। इसमें अलकनंदा नदी तट से गेबियन और डाइवर्जन दीवारें भी बनाई गईं। सड़क मार्ग संकरा था। सुरक्षा कारणों से पहले पुलिस, होमगार्ड और अर्धसैनिक बल के करीब आठ जवान तैनात थे। यातायात नियंत्रण के लिए दस-दस मिनट के अंतराल पर वाहनों को छोड़ा जा रहा था। अब रखरखाव कार्य अंतिम चरण में है, केवल सड़क का डामरीकरण शेष है। दोहरी लेन यातायात बहाल होने से तैनात जवानों की संख्या भी कम कर दी गई है। पुलिस चौकी प्रभारी गौचर मानवेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि कमेड़ा सिंकिंग जोन पर दोहरी लेन यातायात बहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारू होने से अब केवल एक-दो पुलिसकर्मी ही तैनाती पर हैं। यात्रियों को अब बिना किसी बाधा के आवागमन की सुविधा मिल रही है। यह कदम क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *