अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर

Spread the love

हरिद्वार। सिडकुल से ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे दो युवकों को एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव सीधडू निवासी सतपाल पुत्र चंद्रभान ने लिखित तहरीर देकर बताया कि उसका भतीजा साहिल पुत्र विनोद कुमार तथा उसका मित्र भूपेंद्र सिंह निवासी सीधडू प्रतिदिन सिडकुल स्थित कंपनी में कार्य करने जाते हैं। 10 जून को दोपहर में दोनों बाइक से सिडकुल से वापस घर लौट रहे थे। आरोप है कि डांडी चौक के निकट एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे में साहिल और भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद दोनों को एंबुलेंस से भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद साहिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे देहरादून स्थित महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार साहिल की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों ने पुलिस से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की पहचान करने तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *