जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने थलनदी में केंद्रीय संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर क्षेत्र में झील निर्माण की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से थलनदी में झील बनाकर पर्यटन विकास को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि स्थानीय जनता लगातार झील निर्माण की मांग उठा रही है। लेकिन, सरकारी लापरवाह बनी हुई है। ऐसे में यूकेडी की सरकार बनने पर थलनदी में झील का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, यमकेश्वर और दुगड्डा विकासखंड के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा स्थानीय बाजारों का भी विकास होगा। केंद्रीय उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश भारद्वाज ने पहाड़ी क्षेत्रों के गांवों से लैंटाना झाड़ियों को जड़ से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन झाड़ियों में छिपे जंगली जानवर महिलाओं और बच्चों के लिए खतरा बने हुए हैं। साथ ही वन कानूनों में संशोधन कर पर्वतीय क्षेत्रों की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग भी की। केंद्रीय संगठन मंत्री सत्यपाल सिंह नेगी ने खेती करने वाले ग्रामीण युवाओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये ग्रीन बोनस दिए जाने की मांग उठाई। वहीं केंद्रीय मंत्री वी.पी. भट्ट सलाणी ने सरकारी अस्पतालों के सुधारीकरण पर जोर देते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। जिला महामंत्री शीशपाल नेगी ने क्षेत्रीय सड़कों की मरम्मत कराने की मांग रखी। इस दौरान प्रभारी ऋषि शर्मा, देवेन्द्र रावत, नरेश धस्माना, गणेश रावत, राजेश रावत, अभिषेक परिहार, विपिन नेगी, सुदामा द्विवेदी, सरोज रावत, मनोरमा नेगी, चण्डी अमोली और रघुराज रावत समेत कई कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभा के दौरान सत्य प्रकाश भारद्वाज की अध्यक्षता में जनसमस्याओं के समाधान के लिए एक संघर्ष समिति का गठन भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष उपेंद्र बडोला ने की।