जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैन्य छावनी लैंसडौन के सभी अधिकारियों, जे.सी.ओ, जवानों और सैन्य परिवारों ने उत्साह के साथ प्रदर्शन किया। योग शिविर में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अपने निजी जीवन में योग को अपनाने का संकल्प लिया।
योग का आयोजन कर्नल कुलदीप सिरोही, सेना मेडल, डिप्टी कमांडेंट गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के नेतृत्व में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के डायस स्टेडियम में किया गया। शिविर का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा द्वीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर का संचालन आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कुड़जोली, पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड के योग प्रशिक्षक डॉ. जितेन्द्र भाटिया और उनकी टीम द्वारा किया गया। गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के डिप्टी कमांडेंट ने कहा कि योग शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने और मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होता है। कहा कि योग को नियमित जीवन में उतारने के बाद किसी प्रकार का रोग नहीं रहता है। निरोगी काया के लिए योग को नियमित रूप से अपनाने पर उन्होंने जोर दिया। इस मौके पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड के योग प्रशिक्षक डॉ. जितेन्द्र भाटिया और उनकी टीम को सम्मानित किया गया।