‘कोटद्वार बचाओ, यूकेडी लाओ’ के नारों से गूंजा क्षेत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राष्ट्रीय दलों के प्रचार अभियान के बीच क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने भी कोटद्वार में रैली निकालकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी का अहसास कराया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रैली में शामिल होकर शक्ति प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ता झंडीचौड़ स्थित भरत चौक पर एकत्रित हुए। यहां से रैली किशनपुर होते हुए हल्दूखाता स्थित मिलन चौक तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ता ‘कोटद्वार बचाओ, यूकेडी लाओ’ के नारे लगाते हुए चल रहे थे। रविंद्र सौंद ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा के समग्र विकास के लिए क्षेत्रीय दल ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने विकास के नाम पर कोटद्वार की जनता के साथ छलावा किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग, कण्वाश्रम के समग्र विकास, मेडिकल कॉलेज, कोटद्वार जिला, बेस चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं तकनीशियनों की कमी, कूड़ा निस्तारण केंद्र, अतिक्रमण की समस्या और नए मोटर बस अड्डे के निर्माण जैसे मुद्दे लंबित हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय दलों के पास कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। चुनाव के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जाते। सौंद ने दावा किया कि कोटद्वार की जनता अब क्षेत्रीय मुद्दों और अपने हक-अधिकार को लेकर जागरूक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय हितों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम उत्तराखंड क्रांति दल ही कर सकता है। रैली में डा. शक्तिशैल कपरवाण, सुनील कोटनाला, महिपाल पुंडीर, महेंद्र सिंह रावत, पितृशरण जोशी, चंद्रमोहन गड़िया, शांति प्रसाद भट्ट, देवचंद्र, जगदीपक रावत, भरत मोहन काला, कृपाल गुसाईं, राजेंद्र सिंह रावत, पंकज उनियाल, अशोक कंडारी, हरीश ध्यानी, विजय पाल सिंह, सुभाष गुसाईं, पुष्पा मेहरा, कल्पना जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।