उक्रांद ने किया न्यायालय के आदेश का स्वागत
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा कांड को लेकर दिए गए न्यायालय के फैसले का उत्तराखंड क्रांतिदल ने स्वागत किया है। कहा कि भले ही न्याय देर से मिला हो। लेकिन, इस फैसले से न्यायालय पर भरोसा बढ़ा है।
मंगलवार को उत्तराखंड क्रांति दल की बैठक आयोजित की गई। उत्तराखंड क्रांति दल के संरक्षक डा. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 को जो उत्तर प्रदेश पुलिस ने आंदोलनकारियों व आंदोलनकारी महिलाओं के साथ बर्बरता की वह निंदनीय था। न्यायालय ने मामले में दो दोषियों को सजा सुनाई है। कहा कि इस फैसले के बाद लोगों का न्यायालय पर भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मामले के दोषियों आरोपियों को फांसी मिलनी चाहिए। जब तक अपराधियों को सजा नहीं मिलती उक्रांद अपना संघर्ष जारी रखेगा। कार्यक्रम में आंदोलनकारियों के योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। इस मौके पर जगदीपक सिंह, सत्य प्रकाश भारद्वाज, प्रवेश चंद्र नवानी, पुष्कर सिंह रावत, रमेश चंद्र कोठारी, सत्यपाल सिंह नेगी, सर्वेंद्र काला, भारत मोहन काला, राजेंद्र प्रसाद, पंत, विनोद चौधरी, सतपाल नेगी, सर्वेश बड़थ्वाल आदि मौजूद रहे।