नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने ली विस्तृत समीक्षा बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में आगामी “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विभागवार चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, साहसिक खेलों तथा वाइब्रेंट विलेज योजना को नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। कहा कि इस आयोजन के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलेगी। इसलिए सभी विभाग आयोजन की व्यवस्थाओं को गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को प्रतिभागियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, ऑक्सीजन सिलेंडर, प्राथमिक उपचार केंद्र एवं आपात स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने हेतु सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराने तथा नेटवर्क बाधित क्षेत्रों में वैकल्पिक संचार व्यवस्था बनाए रखने को कहा। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी अरविन्द गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का आयोजन उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग, भारतीय सेना एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में बॉर्डर टूरिज्म इनिशिएटिव के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोजन के अंतर्गत 5 किमी., 10 किमी, 21 किमी., 42 किमी. एवं 75 किमी. की मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 15 किमी. एवं 30 किमी. की माउंटेन बाइक रेस भी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन 31 मई से 02 जून 2026 तक किया जाएगा। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि 75 किमी. अल्ट्रा मैराथन के लिए अब तक 150 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता का रूट रिमखिम-मलारी-नीति-मलारी निर्धारित किया गया है। आयोजन के लिए कुल 933 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 675 प्रतिभागी उत्तराखण्ड से तथा 258 प्रतिभागी अन्य राज्यों से हैं। देश के कुल 27 राज्यों से धावक इस आयोजन में प्रतिभाग कर रहे हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी अंकित पाण्डेय, एसडीएम जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।